बृज में किसान महापंचायत कर गठबंधन की मजबूती पर अखिलेश-जयंत का जोर

 

कई महीनों से चल रहा किसान आंदोलन दिल्ली की सरहदों से निकलकर सियासी हलचलों तक पहुंच गया है। किसान आंदोलन से बनी सत्ता विरोधी लहर को भुनाने के लिए विपक्षी दल लगातार किसान महापंचायतें कर रहे हैं तो किसान यूनियनों के नेता भाजपा के खिलाफ प्रचार करते घूम रहे हैं। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोकदल के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने एक मंच पर आकर चौधरी चरण सिंह के विचारों को आगे बढ़ाने का दावा किया। दोनों युवा नेताओं को सुनने के लिए मथुरा के बाजना में बड़ी तादाद में लोग जुटे।

बृज में हुई इस किसान महापंचायत के कई सियासी मायने हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में शिकस्त खाने के बाद सपा और रालोद के नेता पहली बार एक साथ आये हैं। इसी के साथ दोनों दलों ने किसानों के मुद्दे पर संघर्ष करने और गठबंधन जारी रखने का इरादा साफ जाहिर कर दिया। दोनों नेता एक साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर मंच तक पहुंचे। एक-दूसरे के दलों और नेताओं के प्रति काफी सम्मान जाहिर किया और किसानों के मुद्दोंं पर साथ मिलकर संघर्ष करने की बात कही। आज यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार चार साल पूरे होने का जश्न मना रही है। इस दिन राज्य के दो प्रमुख विपक्षी दलों के साथ आने को विधानसभा चुनाव की तैयारियों का बिगुल माना जा रहा है।

मथुरा राष्ट्रीय लोकदल का गढ़ रहा है और जयंत चौधरी यहां से सांसद रह चुके हैं। समाजवादी पार्टी रालोद के परंपरागत जनाधार के बूते पश्चिमी यूपी की राजनीति में अपनी खोयी जमीन तलाश रही है तो रालोद के सामने अपना वजूद बचाने की चुनौती है। जिस प्रकार किसान आंदोलन ने व्यापक रूप लिया और किसानों के मुद्दोंं को राष्ट्रीय राजनीति में जगह दिलायी, उसका फायदा राष्ट्रीय लोकदल को मिलने की उम्मीद है। इसी आस में रालोद की ओर से लगातार किसान महापंचायतें कराई जा रही हैं, जिसमें अच्छी खासी भीड़ जुट रही है।

मथुरा में किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने दोनों दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं का जिक्र कर गठबंधन को पुख्ता करने का संकेत दिया। साथ ही उन्होंने चौधरी चरण सिंह का नाम लेकर किसानों के मुद्दों पर संघर्ष करने का दावा भी किया। भाजपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने हमेेेेेशा लोगों को बांटकर और साजिशें कर सत्ता पाई है। हम किसानों को जगाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि अगली बार जब मतदान करने जाएं तो भाजपा को सबक सिखाने का काम करें।

कृषि कानूनों की आलोचना करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अगर खेती को बाजार के हाल पर छोड़ दिया तो किसानों को बर्बाद होने से कोई नहीं रोक सकता। किसान जब तक खुशहाल नहीं हो सकता, जब तक किसानों की बात करने वाले दल सत्ता में नहीं होंगे। भाजपा पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि किसान आंदोलन से कोई घबराया हो या नहीं, लेकिन भाजपा जरूर घबरा रही है। भाजपा को पता चल गया है कि अब किसान नहीं रुकने वाला है। जब तक काले कानून वापस नहीं होंगे, यह लड़ाई चलती रहेगी।

किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय लोकदल के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने किसान आंदोलन को एक जाति से जोड़ने की कोशिशों पर प्रहार करते हुए कहा कि यह किसी एक जाति या समाज का मुद्दा नहीं है। इसलिए सभी किसानों को एकजुट होकर एक-दूसरे का साथ देना चाहिए। भाजपा पर दंगों के जरिये राजनीति करने का आरोप लगाते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि भाजपा की राजनीति दंगों पर शुरू होती है और दंगों पर खत्म होती है। इस राजनीति का विरोध करना जरूरी है। जयंत चौधरी ने कहा कि आंदोलन के दौरान 300 से ज्यादा किसान शहीद हो गये, लेकिन उनके प्रति संवेदना व्यक्ता करना तो दूर उन्हें आंदोलनजीवी और आंतकवादी बताया जा रहा है।

चौधरी चरण सिंह को याद करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि आज किसान दोबारा से अपनी उस ताकत को पहचान रहा हैं जो उसने चौधरी चरण सिंह जी के समय में प्राप्त की थी। जयंत चौधरी ने कहा कि जिस प्रकार चौधरी चरण सिंह जी को वोट देते हुए कोई जाति देख कर वोट नही देता था। मैं दोबारा से वही दिन देखना चाहता हूंं। वह दिन देखना चाहता हूंं जब अखिलेश यादव मथुरा से चुनाव लड़े और मैं गाजीपुर से।